भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में पहली बार कॉलोनियों की समस्याओं पर विशेष जनसुनवाई आज, कलेक्टर खुद सुनेंगे शिकायतें

भोपाल में पहली बार कॉलोनियों की समस्याओं पर विशेष जनसुनवाई आज, कलेक्टर खुद सुनेंगे शिकायतें

भोपाल,यशभारत। राजधानी भोपाल में आज गुरुवार को कॉलोनियों से जुड़ी जनसमस्याओं के निराकरण के लिए एक अनोखी और विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासनिक इतिहास में यह पहली बार है जब सामान्य जनसुनवाई से हटकर केवल और केवल कॉलोनियों की बुनियादी दिक्कतों और बिल्डर्स की मनमानी पर केंद्रित कोई जनसुनवाई होने जा रही है।

यह विशेष जनसुनवाई सुबह 11बजे से प्रारंभ होकर दोपहर 1:00 बजे तक यानी कुल दो घंटे चलेगी। इसमें कलेक्टर प्रियंक मिश्रा स्वयं मौजूद रहेंगे। उनके साथ सभी क्षेत्रों के एसडीएम और तहसीलदार भी उपस्थित रहेंगे, ताकि शिकायतों पर मौके पर ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान भोपाल का कोई भी नागरिक सीधे पहुंचकर अपनी कॉलोनी की समस्या से प्रशासन को अवगत करा सकता है।

कार्रवाई के बीच बड़ा कदम
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा भोपाल की अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस बीच प्रशासन को लगातार यह शिकायतें मिल रही थीं कि कई कॉलोनियों में बिल्डर्स द्वारा नागरिकों से मोटी रकम वसूलने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं मुहैया नहीं कराई जा रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने इस विशेष जनसुनवाई का निर्णय लिया है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इन मुद्दों पर होगी सीधी सुनवाई
जनसुनवाई के दौरान नागरिक मुख्य रूप से कॉलोनियों की मान्यता और उनके नियमितीकरण में आ रही अड़चनों की शिकायत कर सकेंगे। इसके अलावा कॉलोनी के भीतर सड़क, नाली निर्माण, जल निकासी (ड्रेनेज), पानी की सप्लाई, स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर भी बात रखी जा सकती है। साथ ही, कॉलोनी की जमीन के रिकॉर्ड में हेरफेर, धोखाधड़ी और पार्क, कम्युनिटी हॉल जैसी साझी संपत्तियों पर अवैध कब्जों या विवादों से जुड़े मामलों पर भी अधिकारी सीधे जनसुनवाई में एक्शन लेंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button