जगन्नाथ स्वामी मंदिर में चोरी, चांदी के मुकुट ले उड़े अज्ञात चोर, वारदात के बाद लोगों में आक्रोश, जांच में जुटी पुलिस

पवई, यशभारत। पवई नगर के बीचो-बीच पन्ना–कटनी मुख्य मार्ग पर स्थित जगन्नाथ स्वामी मंदिर में शनिवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जबकि यह मंदिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने एवं एसडीओपी बँगले के समीप स्थित है, इसके बावजूद अज्ञात चोर बेखौफ होकर मंदिर से कीमती आभूषण चुरा ले गए। मंदिर के पुजारी अनूप पाठक ने बताया कि रविवार सुबह करीब 5 बजे जब वे पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो पीछे के दरवाजों के ताले टूटे पड़े थे। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि भगवान जगन्नाथ स्वामी, भैया बलभद्र एवं सुभद्रा माता के मुकुट गायब थे। तीनों मुकुट चांदी के थे, जिनका कुल वजन लगभग ढाई से तीन किलोग्राम बताया गया है। इनमें माता सुभद्रा का मुकुट सबसे अधिक कीमती था, जिसमें लगभग 30 ग्राम सोना एवं हीरे जड़े हुए थे, जिसकी कीमत वर्तमान में लाखों रुपये बताई जा रही है।
मंदिर परिसर में नहीं लगे सीसीटीवी कैमरे
मंदिर पुजारी ने बताया कि मंदिर में अब तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। कैमरे लगवाने के लिए तीन से चार बार आवेदन दिए गए, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसका फायदा अज्ञात चोरों ने उठाया।
मैन गेट न होने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा
मंदिर पुजारी अनूप पाठक ने यह भी बताया कि मंदिर परिसर में मैन गेट नहीं होने के कारण दिन-रात लोगों एवं वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। सामने अस्पताल होने से भीड़ बनी रहती है। शाम के समय असामाजिक तत्व मंदिर के पीछे नशा आदि करते हैं, जिन्हें मना करने पर भी वे नहीं मानते।घटना की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की जा रही है। मंदिर में हुई इस चोरी से क्षेत्र में आक्रोश एवं असुरक्षा का माहौल है।







