गढ़ा पुलिस ने एक ही रात में दबोचे 20 स्थायी वारंटी जिलेभर में चली कॉम्बिंग गश्त, 234 वारंट तामील

जबलपुर। शहर में कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से जबलपुर पुलिस द्वारा शुक्रवार देर रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस अभियान में जिलेभर में वर्षों से फरार चल रहे वारंटियों और आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 234 वारंट तामील किए गए। वहीं गढ़ा थाना पुलिस ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए एक ही रात में 20 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया।पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर 23 मई की रात 9 बजे से 24 मई की रात 2 बजे तक जिलेभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया।
अभियान के दौरान शहर एवं देहात के सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर वर्षों से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 121 गैर मियादी वारंट, 61 गिरफ्तारी वारंट तथा 52 जमानती वारंट तामील किए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अधिकांश आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचते फिर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इसके अलावा कॉम्बिंग गश्त के दौरान सक्रिय बदमाशों की भी चेकिंग की गई। देर रात घूमने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी ताकि जिले में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।






