जबलपुरमध्य प्रदेश

अवैध वसूली के लिए मिठाई दुकान में तोड़फोड़ और व्यापारी पर चाकू से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, देखे वीडियो …..

पुलिस ने घटनास्थल पर निकाला आरोपियों का जुलूस

जबलपुर,यशभारत। रांझी थाना क्षेत्र के व्हीकल मोड़ इलाके में 30 अगस्त को अवैध वसूली की मांग को लेकर मिठाई दुकान संचालक पर हमला और दुकान में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जानकारी के मुताबिक मिठाई दुकान संचालक महेश गुप्ता की दुकान पर कुछ बदमाश पहुंचे थे। आरोपियों ने कथित तौर पर दुकान संचालक से अवैध रूप से रुपयों की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर बदमाशों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और महेश गुप्ता पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर रांझी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

शनिवार को पुलिस ने निकाला जुलूस

शनिवार को रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी पुलिस टीम के साथ गिरफ्तार दोनों आरोपियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों आरोपियों का घटनास्थल के आसपास जुलूस निकाला। इस दौरान पुलिस ने क्षेत्रवासियों को यह संदेश दिया कि अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आम नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। पुलिस की इस कार्रवाई को देखकर क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं घटना में पीड़ित व्यापारी महेश गुप्ता ने पुलिस टीम का स्वागत किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button