एसपी की जनसुनवाई में आई शिकायतें, थाना प्रभारियों को दिए निराकरण के निर्देश

कटनी, यशभारत। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं प्रभावी समाधान हेतु प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के क्रम में 28 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा उपस्थित आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुना। इस दौरान शिकायत सुनवाई एवं समाधान हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया, सीएसपी श्रीमती नेहा पच्चीसिया, डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा, डीएसपी सुश्री शिवा पाठक, एसडीओपी स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे जनसुनवाई में उपस्थित रहे एवं उन्होंने प्रत्येक आवेदक की समस्या को प्राथमिकता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारी एवं को त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कुछ प्रकरणों में साइबर संबंधी शिकायतों के प्राप्त होने पर, फरियादियों को शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने एवं साइबर अपराधों से जागरूक रहने की हिदायत भी पुलिस अधीक्षक द्वारा फरियादियों को दी गई। एवं आवश्यक कार्यवाही के निर्देश सायबर सेल को दिये गये। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों में मुख्यत: पारिवारिक विवाद, आपसी विवाद, पैसों के लेनदेन से संबंधित मामले, पुलिस द्वारा सुनवाई न होने की शिकायतें, भूमि, प्लॉट संबंधी धोखाधड़ी, महिला अपराध एवं अन्य पुलिस से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आई। कुछ समस्याएं अन्य विभागों से संबंधित होने परए आवेदको को संबंधित विभाग में जाने की समझाइश भी दी गई।





