उमरियापान में तूफान ने मचाई तबाही, बीच सडक़ पेड़ गिरने से वाहनों के थमे पहिए, माधव गार्डन की गिरी दीवारें

उमरियापान, यशभारत। उमरियापान में कल दोपहर को तेज तूफान चलने से ढीमरखेड़ा रोड में भारी भरकम पेड़ गिरने से आवागमन बंद होते ही वाहनों की कतारें लग गईं तो वहीं माधव गार्डन की दिवालें गिर गईं। कई घरए दुकानों में लगे टीन उडक़र दूर जाकर गिरे। जानकारी के अनुसार कल दोपहर 2 बजे से मौसम ने अचानक करवट ली और देखते ही देखते बारिश के साथ तेज आंधी तूफान आते ही नगरवासी और राहगीर यहां वहां खुद सुरक्षित करते नजर आए। उमरियापान से लगे बम्हनी गांव में भारी भरकम आम का पेड़ गिरने से ढीमरखेड़ा रोड में आवागमन पूरी तरह से बंद होते ही बड़ी संख्या में वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही उमरियापान पुलिस मौके पर पहुंची। कार्यवाहक एएसआई भारत मार्को, कोदूलाल दहिया सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल करवाने मशक्कत करते नजर आए। शाम 7 बजे के बाद मशीनों के माध्यम से पेड़ टुकड़ों में काटा गया तब कहीं जाकर आवागमन बहाल हुआ। तूफान की चपेट में आकर उमरियापान के माधव मैरिज गार्डन की दीवारें गिर गईं, जिससे संचालक विशाल अरोरा को काफी नुकसान हुआ है। टेंट और कैटरीन का सामान रखा होने के कारण गिरी दीवालो के पास जीआई तार लगाकर सुरक्षित किया गया। कई घरों और दुकानों के टीन उडक़र दूर जाकर गिरे, जैसे घर के सदस्य यहां वहां खोजते नजर आए। हालांकि इतना तेज तूफान होने के बाद भी कहीं से भी तूफान की चपेट में आकर किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है।







