परेशानी…सडक़ पर कीचड़, कैसे स्कूल जाएं बच्चे, एक साल में नहीं बनी भट्ठा मोहल्ला की सडक़, सीवर लाइन निर्माण के बाद बद से बदतर हो गए हालात, रोज परेशान हो रहे हजारों वाशिंदे, व्यवसाय भी हो रहा प्रभावित

कटनी, यशभातर। कटनी साऊथ स्टेशन जाने वाले मार्ग की हालत बद से बदतर हो गई है। लक्ष्मी पान भंडार से लेकर झर्रा टिकुरिया मस्जिद होते हुए जय हिन्द चौक तक की सडक़ कीचड़ से सन गई है। रोज हो रही बारिश की वजह से सडक़ पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। स्थिति यह है कि इस मार्ग से आवागमन जानलेवा और खतरनाक हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी राहगीरों और दुपहिया वाहन चालकों को हो रही है। छोटे-छोटे बच्चे भी सडक़ की इस दुर्दशा को लेकर परेशान है। सुबह स्कूल जाते समय हर समय यूनीफार्म खराब होने का खतरा मंडराता रहता है। इस मार्ग पर रहने वाले लोगों के साथ ही दुकानदारों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। क्षेत्र के नागरिकों ने बताया कि जब से यहां सीवर लाइन का काम शुरू हुआ है, तभी से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।
प्रमुख मार्गों से एक, आधी आबादी का होता है आवागमन
शहर के एक हिस्से को दूसरे हिस्से से जोडऩे वाला यह मुख्य मार्ग अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। इसी मार्ग से कटनी साऊथ स्टेशन, आयुध निर्माणी, केल्डरीज फैक्टरी, माधवनगर, लखेरा, केन्द्रीय विद्यालय और एनकेजे जाने के लिए हजारों लोगों का रोजाना आवागमन होता है, इसके बाद भी नगर निगम प्रशासन द्वारा सडक़ की मरम्मत और सुधार के लिए प्रयास नहीं किया जा रहा है।
सीवर लाइन निर्माण ठेकेदार की लापरवाही
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि नगर निगम प्रशासन द्वारा करीब एक साल पहले भट्ठा मोहल्ला मार्ग पर सीवर लाइन का काम शुरू किया गया था। ठेकेदार द्वारा सीवर लाइन के काम में जमकर लापरवाही बरती गई। जब तक सीवर लाइन के लिए खुदाई का काम चलता रहा, तब तक लोग परेशान होते रहे और जब काम पूरा हो गया है, तब भी लोगों की परेशानियां कम नहीं हुई है। लोगों ने नगर निगम प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए बताया कि बजाज एजेंसी के सामने से लेकर लक्ष्मी पान भंडार तक सडक़ का निर्माण कर दिया गया है लेकिन इसके बाद आगे की सडक़ अब तक नहीं बनी है। बारिश शुरू होने के पहले गड्ढे भरने के लिए मलमा डाला गया था लेकिन इसके बाद भी लोगों की परेशानियां कम नहीं हुई।
पर्वों में होगी दिक्कत
कुछ दिन पहले ही मुस्लिम धर्मावलंबियों का प्रमुख पर्व ईद मिलादुन्नबी था। इसी दौरान बारिश की वजह से सडक़ पर कीचड़ हो गया और लोगों को काफी दिक्कतें हुई। अब कल जन्माष्टमी और आने वाले समय में गणेश चतुर्थी और दुर्गोत्सव पर्व है। यदि पर्वों के रहते सडक़ नहीं बनी तो लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।







