कमरे में मिला बैंक कर्मचारी का शव, परिजनों ने उठाए सवाल, गले और शरीर पर निशान मिलने से बढ़ा संदेह, जांच में जुटी पुलिस

कटनी, यशभारत। एनकेजे थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक खिरहनी स्थित कनक पैलेस में एक बैंक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पैलेस के कमरा नंबर-7 में रह रहे 36 वर्षीय अनिल पटेल का शव मिलने से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही एनकेजे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित पीएम हाउस भिजवाया। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार मृतक अनिल पटेल पिता रमेश पटेल सागर जिले के शास्त्री वार्ड के निवासी थे। वह कटनी में माई नदी के पास संचालित उत्कृष्ट ग्रामीण बैंक में टीम लीडर के पद पर पदस्थ थे और दुर्गा चौक स्थित कनक पैलेस में किराए के कमरे में रह रहे थे। बताया गया है कि अनिल का शव उनके कमरे में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में शोक का माहौल है। परिजनों के मुताबिक अनिल के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर तार जैसे निशान मिले हैं। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर उन्होंने अनिल की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार रात को ही उनकी अनिल से मोबाइल पर बातचीत हुई थी। ऐसे में अचानक उसकी मौत की खबर मिलने से परिवार के लोग स्तब्ध हैं। परिजनों ने यह आरोप भी लगाया है कि अनिल अपने सीनियर्स से मानसिक रूप से प्रताडि़त थे। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल एनकेजे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। हालांकिए अनिल की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कोई आपराधिक कारण है या नहीं। यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्षों के आधार पर चलेगा। फिलहाल मौत के मामले में हत्या की आशंका परिजनों की ओर से जताई गई है।






