मामूली विवाद में आठ लोगों का अपहरण
– 10 लाख की फिरौती मांगी, पुलिस ने तीन आरोपियों को भेजा जेल
भोपाल, यश भारत। गांधी नगर थाना क्षेत्र में छह युवकों और दो युवतियों सहित आठ लोगों के अपहरण और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। घटना 17 अक्टूबर की रात करीब 12:20 बजे एरोसिटी रोड पर हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत सभी आठ लोगों को सुरक्षित मुक्त कराया। गिरफ्तार आरोपियों को कल शाम जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी दो कारों से पहुंचे और आठ लोगों को जबरन अपने साथ ले गए। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट भी की और इसके बाद उन्हें कारों में बैठाकर शहर में घुमाते रहे। इस दौरान बंधकों के एक दोस्त को क्यूआर कोड भेजकर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। सूचना मिलने पर डायल-112 के माध्यम से पुलिस को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने पिपलानी क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों कारों को रोक लिया और सभी आठ लोगों को सुरक्षित मुक्त करा लिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में राधे सोनी उर्फ प्रदीप निवासी अयोध्या बायपास, बालेंद्र बर्दरिया निवासी कृष बिहार, अयोध्या बायपास, भोपाल और अमन सिंह राजपूत निवासी बैरसिया को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।
मामूली विवाद बना अपहरण की वजह
प्रारंभिक जांच में अपहरण के पीछे मामूली विवाद की बात सामने आई है। शुरुआती स्तर पर पुराने लेनदेन को लेकर विवाद की आशंका भी जताई गई थी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वारदात में अन्य लोगों की भूमिका और फिरौती मांगने के पीछे की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।
Back to top button