Top-5देशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

ग्वालियर हादसे के बाद कार्रवाई, सीएसपी हटाए, 8 पुलिसकर्मी निलंबित

भोपाल, यश भारत। ग्वालियर जिले में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद राज्य सरकार ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को पद से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, तीन थाना प्रभारियों सहित आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाएगी।

कार्रवाई के तहत झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया तथा पवन सेंगर को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस तरह कुल नौ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जवाबदेही निर्धारित कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल लोगों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल सभी लोगों का नि:शुल्क उपचार कराया जाए, ताकि उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

मंत्रियों को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश

हादसे से प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के बताए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मिलने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने, शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button