वाजपेयी नगर मल्टी में युवक ने लगाई फांसी, बंद कमरे में पंखे से लटका मिला शव

वाजपेयी नगर मल्टी में युवक ने लगाई फांसी, बंद कमरे में पंखे से लटका मिला शव
भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहजहानाबाद थाना इलाके में बीती रात एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से देखा
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वाजपेयी नगर मल्टी के एच ब्लॉक निवासी कालू नामक युवक ने बीती रात अपने कमरे में पंखे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि जब युवक काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों को चिंता हुई। आवाज देने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो परिवार के लोगों ने खिड़की से भीतर झांककर देखा। अंदर का नजारा देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई; कालू फंदे पर लटका हुआ था।
पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर उतारा
परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए। स्थानीय निवासियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कमरे का दरवाजा तोड़ा और युवक को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद तत्काल शाहजहानाबाद थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।







