यश भारत ब्रेकिंग: देवेंद्र सिंह रावत बने भोपाल बार काउंसिल संगठन के नए अध्यक्ष, 1151 वोटों से दर्ज की शानदार जीत, देखे वीडियों

यश भारत ब्रेकिंग – देवेंद्र सिंह रावत बने भोपाल बार काउंसिल संगठन के नए अध्यक्ष
– 1151 वोटों से दर्ज की शानदार जीत
भोपाल, यश भारत। भोपाल बार काउंसिल संगठन के चुनाव में अधिवक्ताओं ने देवेंद्र सिंह रावत पर भरोसा जताते हुए उन्हें अध्यक्ष पद के लिए भारी मतों से विजयी बनाया। देवेंद्र सिंह रावत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 1151 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की।
शनिवार को सुबह 9 बजे से शुरू हुई मतगणना देर शाम तक चली। मतगणना के दौरान जिला न्यायालय परिसर में पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा। बड़ी एलईडी स्क्रीन पर मतगणना के रुझान और परिणाम प्रदर्शित किए जाते रहे, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में अधिवक्ता और प्रत्याशियों के समर्थक मौजूद रहे। हर राउंड के साथ रावत की बढ़त मजबूत होती गई और अंतत: उन्होंने 1151 मतों के अंतर से अध्यक्ष पद पर ऐतिहासिक जीत हासिल की।
देवेंद्र सिंह रावत की जीत की घोषणा होते ही कोर्ट परिसर जयकारों और तालियों से गूंज उठा। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और विजयी अध्यक्ष का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। कई अधिवक्ताओं ने इसे बार काउंसिल संगठन में नए नेतृत्व के प्रति अधिवक्ताओं के विश्वास का परिणाम बताया।
मतगणना के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। न्यायालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा और प्रवेश व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी गई, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।
अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद देवेंद्र सिंह रावत ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे बार काउंसिल संगठन की गरिमा, अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे अधिवक्ता समाज के विश्वास और समर्थन की जीत है।







