केयर टेकर ने एक दिन काम किया, अगले दिन घर से जेवरात चुराकर भागी -पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी महिला को किया गिरफ्तार

केयर टेकर ने एक दिन काम किया, अगले दिन घर से जेवरात चुराकर भागी
-पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी महिला को किया गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत।
मिसरोद इलाके में रहने वाले एक दवा कंपनी के एग्जीक्यूटिव के घर में काम करने वाली केयर टेकर ने एक दिन काम करने के बाद अगले दिन उनके बेडरूम में रखी अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब आठ लाख के माल पर हाथ साफ कर दिया। संदेह के आधार पर फरियादी ने पुलिस में शिकायत की थी। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके घर से जेवरात बरामद कर लिए हैं।
थाना प्रभारी संदीप पवार ने बताया कि सांई पार्क कॉलोनी निवासी शिरीष श्रीवास पुत्र विवेक श्रीवास (42) मंडीदीप में स्थित दवा फैक्ट्री में एग्जीक्यूटिव हैं। कल सुबह उनके घर में रखी हुई अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी समेत करीब सात-आठ लाख रुपए के जेवरात गायब हो गये थे। उन्होंने पुलिस में शिकायत कर घर की केयर टेकर योगीता पर संदेह जताया था। क्योंकि घटना के एक दिन पहले की श्रीराधे केयर टेकर सर्विस प्रोवाइडर ने उनकी बुजुर्ग मां और घर की देखरेख के लिए योगिता को 3 सितंबर से उनके घर पर बतौर केयर टेकर की नौकरी के लिए भेजा था। एक दिन काम करने के बाद अगले दिन बुधवार सुबह वह अचानक तरीयत खराब होने की बात कह कर चली गई थी। इसके बाद उन्हें घटना का पता चला। फरियादी ने लिखित में शिकायत भी दर्ज करा दी थी। साथ ही उन्होंने केयर टेकर योगिता पर चोरी कर संदेह जताया था, पुलिस ने योगिता के मोबाइल नंबर की लोकेशन निकाली और उसके घर तक पहुंच गई। जहां पुलिस ने संदेही योगिता को हिरासम में लेकर उसकी घर की तलाशी ली, जहां से पुलिस ने फरियादी के घर से चोरी हुए जेवरात बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी महिल को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सर्विस प्रोवाइडर कंपनी की होगी जांच-
थाना प्रभारी पवार ने बताया कि फरियादी को जिस श्रीराधे केयर टेकर सर्विस प्रोवाइडर ने आरोपी महिला योगिता को केयर टेकर के काम के लिए भेजा था, उस सर्विस प्रोवाइडर के बारे मेंं भी पुलिस जांच करेगी। पुलिस इस बात का पता लगाएगी कि क्या सर्विस प्रोवाइडर कंपनी ने आरोपी महिला को पुलिस वेरिफिकेशन कराया था अथवा नहीं। अगर बिना वेरिफिकेशन के उसे केयर टेकर के तौर पर काम पर रखा गया था तो सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
सैनिक के घर से बॉक्स में रखे जेवरात चोरी-
बैरागढ़ थाना पुलिस ने बताया कि मूलत: अटेर जिला भिंड निवासी अहिर खुशबू पति रामू सिंह(28) गृहणी हैं और थ्री-ईएमई सेंटर बैरागढ़ में रहती हैं। उनके पति सेना में सैनिक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 19 अगस्त को अपने सोने-चांदी के जेवरात लोहे के एक बॉक्स में रख दिए थे। कल उन्होंने बॉक्स खोलकर देखा तो जेवरात गायब थे। इसके बाद उन्होंने थाना पुलिस में शिकायत कर दी थी। साथ ही उन्होंने घर में काम करने वाली नौकरानी पर शक जाहिर किया है। पुलिस अब नौकरानी से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर, शाहजहानाबाद इलाके में स्थित सजल जैन(27) के गोदाम से नमकीन, बिस्किट व नकदी समेत 90 हजार रुपए का सामान चोरी हो गया। अब पुलिस केस दर्ज कर अज्ञात चोर की तलाश कर रही है।







