Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

पिता से विवाद, भतीजे ने कर दी चाचा की हत्या, नाबालिग साथी समेत दो गिरफ्तार

जबलपुर,यशभारत। तिलवारा थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर में पिता के साथ गाली-गलौज किए जाने की बात को लेकर एक युवक ने अपने 17 वर्षीय साथी के साथ मिलकर 48 वर्षीय व्यक्ति की डंडों से पीटकर हत्या कर दी। घटना सोमवार दोपहर की है। गंभीर रूप से घायल शेर सिंह तेकाम को परिजन 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी शंभू सिंह तेकाम (23) और 17 वर्षीय विधि विवादित बालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

किसानी और मजदूरी की बात पर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे ग्राम नारायणपुर में शेर सिंह तेकाम के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची। यहां मृतक के बड़े भाई मुन्नालाल तेकाम (55) ने बताया कि शेर सिंह को शंभू तेकाम और एक 17 वर्षीय बालक ने लकड़ी के डंडे से सिर और हाथ पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। मर्ग जांच के दौरान सामने आया कि शेर सिंह तेकाम और आरोपी शंभू सिंह तेकाम के पिता के बीच किसानी और मजदूरी की बात को लेकर गाली-गलौज हुई थी। इसी बात से नाराज होकर शंभू सिंह अपने नाबालिग साथी के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से शेर सिंह के घर पहुंचा। वहां दोनों ने शेर सिंह के साथ विवाद करते हुए डंडों से हमला कर दिया। सिर और हाथ में गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

एसपी के निर्देश पर गठित की गई टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन के मार्गदर्शन में तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम नारायणपुर से शंभू सिंह तेकाम और 17 वर्षीय विधि विवादित बालक को पकड़ लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा और मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एनएल 6711 जब्त की है। दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।
 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button