दशहरे पर कांग्रेस ने जलाया मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का रावण रूपी पुतला वोट चोरी और मताधिकार के कथित हनन के विरोध में प्रदर्शन, लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प

दशहरे पर कांग्रेस ने जलाया मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का रावण रूपी पुतला
वोट चोरी और मताधिकार के कथित हनन के विरोध में प्रदर्शन, लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प
भोपाल, यश भारत। दशहरे के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर ने कथित वोट चोरी और मतदाताओं के अधिकारों के हनन के विरोध में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का रावण रूपी पुतला दहन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में सेकंड स्टॉप स्थित जयंती मैदान पर आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता तथा मताधिकार की रक्षा की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। यह पर्व अहंकार, अन्याय और बेईमानी के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है। नेताओं ने आरोप लगाया कि कथित वोट चोरी लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मताधिकार और जनादेश की पवित्रता सर्वोपरि है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने सत्य और धर्म के मार्ग पर चलते हुए रावण का अंत किया उसी प्रकार लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अन्याय और अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। पार्टी ने मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अपना संघर्ष जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना संगठन महामंत्री अभिषेक शर्मा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव अमित शर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव राजकुमार सिंह, पूर्व महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष कंसाना, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंकित दुबे, कार्यकारी जिला अध्यक्ष अमित खत्री, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुशील प्रजापति, अशोक मारन, टीआर गहलोत, रामराज तिवारी तथा युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव धनजी गिरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने, मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।







