मध्य प्रदेशराज्य

बड़ी चोरी:  सराफा व्यापारी की दुकान में सेंध, लाखों के जेवरात पार, क्षेत्र में हड़कंप 

पथरिया ।नगर के हृदय स्थल संजय चौराहा के समीप मुख्य मार्ग स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्केट (वार्ड क्रमांक 15) में शासकीय रानी दुर्गावती कन्या माध्यमिक विद्यालय के बाजू स्थित प्रसिद्ध सराफा व्यापारी प्रकाश चंद्र सराफ की दुकान पर बीती रात अज्ञात चोरों ने दीवार में सेंध लगाकर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुकान की दीवार में सुराख कर अंदर प्रवेश किया और लगभग 4 से 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पर घटना का पता चला, जिसके बाद व्यापारी द्वारा तत्काल पथरिया थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सराफा व्यापारी प्रकाश चंद्र सराफ ने बताया कि उनकी दुकान पर इससे पहले भी पांच बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। प्रत्येक घटना की शिकायत समय-समय पर पुलिस विभाग को दी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम, डॉग स्क्वाड तथा सीसीटीवी फुटेज की सहायता से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर दी है।

उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व नगर के दमोह रोड स्थित विरागोदय जैन तीर्थ में भी चोरी की बड़ी घटना हुई थी, जिसके आरोपियों का अब तक पता नहीं चल सका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नगरवासियों और व्यापारियों में चिंता का माहौल है तथा नगर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए तथा नगर में रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button