क्राइम ब्रांच ने अंतर्राज्यीय ड्रग सिंडिकेट समेत 12आरोपियों को किया गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच ने अंतर्राज्यीय ड्रग सिंडिकेट समेत 12आरोपियों को किया गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी और खरीद-बिक्री के खिलाफ भोपाल की क्राइम ब्रांच पुलिस ने टीमों ने पिछले 48 घंटों के भीतर शहर के विभिन्न इलाकों में दबिश देकर 12 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के तहत राजस्थान से जुड़े एक बड़े अंतर्राज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ करने के साथ ही एमडी ड्रग और गांजे की तस्करी के नेटवर्क को भी ध्वस्त किया गया है।
अति. पुलिस उपायुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि उनकी टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 74.27 ग्राम स्मैक, 1.4 ग्राम एमडी ड्रग और 927 ग्राम अवैध गांजा जप्त किया है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक कार, दो दोपहिया वाहन और 7 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल आंकी गई कीमत लगभग 37,13,500/- रुपये है।
पहली कार्रवाई: पंडित दीनदयाल पार्क में घेराबंदी, राजस्थान से जुड़े 7 तस्कर दबोचे
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कटारा हिल्स थाना क्षेत्र के पंडित दीनदयाल पार्क (ग्राम बर्रई) के पास कुछ लोग भारी मात्रा में स्मैक की खरीद-बिक्री के लिए कार और एक्टिवा से आने वाले हैं। सूचना मिलते ही निरीक्षक अपाला सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर घेराबंदी की गई। मौके से रितिक नामदेव (24), कौशल जाटव (21) निवासी कटारा हिल्स, भोपाल और शाहरुख अंसारी (23), चंदाबाई सिसोदिया (28) निवासी राजगढ़ को पकड़ा गया। इनसे पूछताछ के आधार पर राजस्थान के झालावाड़ से स्मैक की सप्लाई करने वाले मुख्य तस्करों नानूराम तंवर (22), पप्पू लाल तंवर (20) और देव सिंह तंवर (21) को भी गिरफ्तार किया गया। इनके पास से कुल 74.27 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह भोपाल और आसपास के जिलों सहित पड़ोसी राज्य राजस्थान तक सक्रिय था। इसी मामले में सेज यूनिवर्सिटी में सुरक्षा गार्ड का काम करने वाले जितेंद्र चाकरडे (29) को भी स्मैक खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
दूसरी कार्रवाई: निशातपुरा में गांजे के साथ महिला सप्लायर व उसका साथी गिरफ्तार
नशे से दूरी है ज़रूरी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने निशातपुरा में रविशंकर कॉलेज के सामने दबिश देकर विमला उर्फ सुनीता (55) निवासी छोला मंदिर को 426 ग्राम अवैध गांजे के साथ पकड़ा। महिला ने पूछताछ में बताया कि उसने यह गांजा फरहान खान (32) निवासी अटल नेहरू नगर से खरीदा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फरहान को भी दबोच लिया। आरोपी महिला विमला के खिलाफ पूर्व में भी नागपुर और भोपाल क्राइम ब्रांच में एनडीपीएस एक्ट के 5 गंभीर मामले दर्ज हैं।
तीसरी कार्रवाई: हबीबगंज नाका से आधा किलो गांजा जप्त
एक अन्य सूचना पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने हबीबगंज नाका स्थित शेड के पास से नवीन स्कूल अमराई निवासी अशोक साकल्ले (58) को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद सफेद रंग के झोले से 501 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ।
चौथी कार्रवाई: शाहजहानाबाद में एमडी ड्रग बेचती नाबालिग हिरासत में
राजधानी में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत शाहजहानाबाद के भूत बंगला के पास स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग से क्राइम ब्रांच ने एक विधि-विरुद्ध (नाबालिग) बालिका को हिरासत में लिया। महिला पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में ली गई तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 ग्राम 4 मिलीग्राम एमडी ड्रग, मोबाइल और लेन-देन से संबंधित 5 डिजिटल स्क्रीनशॉट बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने साक्ष्य के रूप में जप्त कर लिया है।







