देशभोपालमध्य प्रदेश

अहमदाबाद में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 8 मजदूरों की मौत, 15 घायल

अहमदाबाद में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 8 मजदूरों की मौत, 15 घायल

भोपाल, यशभारत। गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ के वस्त्राल इलाके में अवैध रूप से चल रही एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे 8 कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।

हादसा रामोल से गतराड जाने वाले रास्ते पर महमूदपुरा टैलेंट के पास हुआ। राहत की बात यह रही कि घटनास्थल के बिल्कुल पास में ही रैपिड एक्शन फोर्स का कैंप था। धमाके की आवाज सुनते ही RAF के जवान मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे व आग के बीच फंसे लोगों का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां और एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त फैक्ट्री के अंदर करीब 25 लोग काम कर रहे थे।

लाइसेंस रद्द होने के बाद भी चल रही थी फैक्ट्री
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर जयपाल सिंह राठौड़ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि रामोल-गटराड रोड पर खुले मैदान में मेहुल डोडिया नाम का व्यक्ति यह पटाखा फैक्ट्री चला रहा था। जांच में सामने आया है कि इस फैक्ट्री का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था। प्रशासन द्वारा बैन किए जाने के बावजूद नियमों को ताक पर रखकर यहाँ अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम धड़ल्ले से चल रहा था।

अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल, पीएम ने जताया दुख
हादसे में झुलसे और घायल हुए लोगों को तुरंत नजदीकी एलजी अस्पताल और असरवा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अहमदाबाद हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। साथ ही पीएम ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये और घायलों को उचित सहायता राशि देने का ऐलान किया है। पुलिस ने अवैध फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button