
नरसिंहपुर,यश भारत । नेशनल हाईवे-44 पर शनिवार सुबह मजदूरों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में छह से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य को भी चोटें आईं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।जानकारी के अनुसार पिकअप में 12-13 मजदूर सवार थे, जो छिंदवाड़ा जिले के हरई क्षेत्र और नरसिंहपुर के रहने वाले थे। सभी मुंगवानी थाना क्षेत्र के ग्राम देवनगर में एक भवन का लेंटर डालने जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे दादा महाराज मंदिर ओवरब्रिज के पास चालक तेज रफ्तार के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप पलट गई।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







