
लमती की बदहाल गलियों पर फूटा रहवासियों का गुस्सा,बोले- अवैध कॉलोनी है तो फिर टैक्स क्यों वसूल रहा ननि
सड़क निर्माण से इनकार के आरोप
जबलपुर,यश भारत । नगर निगम के वार्ड क्रमांक-72 (दादा ठनठपाल वार्ड) अंतर्गत लमती क्षेत्र की बदहाल सड़कों और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर रहवासियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। वर्षों से सड़क, नाली और जल निकासी जैसी समस्याओं से जूझ रहे स्थानीय लोगों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों और नगर निगम प्रशासन की अनदेखी के कारण क्षेत्र का विकास पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। गली नंबर-4 समेत कई गलियों की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, जिससे बारिश के मौसम में कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
रहवासियों का कहना है कि गली नंबर-4 की सड़क निर्माण की मांग कई बार नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के सामने रखी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र की पार्षद अर्चना सिसोदिया ने सड़क निर्माण कराने से यह कहते हुए इनकार कर दिया कि पूरी कॉलोनी अवैध है। इस बयान के बाद लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि कॉलोनी वास्तव में अवैध है तो नगर निगम वर्षों से संपत्ति कर, जलकर और अन्य करों की वसूली किस आधार पर कर रहा है। लोगों ने सवाल उठाया कि जब टैक्स लेने में कोई दिक्कत नहीं है तो मूलभूत सुविधाएं देने में भेदभाव क्यों किया जा रहा है।

रहवासियों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों पर भी चुनाव के बाद क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जीत के बाद विकास कार्य ठंडे बस्ते में चले जाते हैं। सड़क, नाली और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में आम नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है।क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि लमती क्षेत्र का शीघ्र सर्वे कराकर सड़क निर्माण, नाली व्यवस्था और अन्य आवश्यक विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।







