भोपाल में रोजगार मेले का भव्य आयोजन: 101 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

भोपाल में रोजगार मेले का भव्य आयोजन: 101 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश भर में बांटे 51 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र
भोपाल, यशभारत। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल द्वारा आज शनिवार को हबीबगंज स्थित नर्मदा रेलवे क्लब के रेलवे ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री रोजगार मेला का भव्य आयोजन किया गया। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में चयनित नवनियुक्त अभ्यर्थियों को इस अवसर पर नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर आयोजित 19वें देशव्यापी रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश भर के सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त युवाओं को 51 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में इस दिन को देश के हजारों युवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत के विकास में युवाओं के योगदान पर बल देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में आप सभी विकासशील भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
देश सेवा और ईमानदारी का संकल्प लें युवा
भोपाल में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 101 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए। इनमें से 77 अभ्यर्थी रेलवे विभाग से तथा 34 अभ्यर्थी अन्य केंद्रीय विभागों जैसे बैंकिंग, एअरपोर्ट, ईपीएफओ तथा डाक विभाग आदि से संबंधित थे।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी की रोजगार सृजन के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह मेला युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। उन्होंने चयनित युवाओं से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के साथ देश के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
गरिमामयी रही जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की उपस्थिति
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि प्रारंभिक 27 नियुक्ति-पत्र मुख्य अतिथि शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदान किए गए, जबकि शेष अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र विभागीय अधिकारियों एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा वितरित किए गए।







