ट्विशा शर्मा मर्डर केस: पति समर्थ सिंह 7 दिन की पुलिस रिमांड पर, खुलेंगे कई दफन राज

ट्विशा शर्मा मर्डर केस: पति समर्थ सिंह 7 दिन की पुलिस रिमांड पर, खुलेंगे कई दफन राज
हाईकोर्ट परिसर से हुई थी हिरासत, कोर्ट में पेशी से पहले पुलिस ने कराया मेडिकल चेकअप
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। जिला अदालत ने मामले के मुख्य आरोपी और मृतका के पति समर्थ सिंह को 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। विशेष जांच दल और कटरा पुलिस अब हिरासत में लेकर आरोपी से कड़ाई से पूछताछ करेगी। माना जा रहा है कि इस लंबी रिमांड के दौरान हत्याकांड की वजह और इसमें शामिल अन्य पहलुओं को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
इससे पहले शुक्रवार को हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच समर्थ सिंह को जबलपुर हाईकोर्ट परिसर से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया था। शनिवार को भोपाल पुलिस बेहद सतर्कता के साथ आरोपी को लेकर जिला कोर्ट पहुंची। कोर्ट में पेश करने से ठीक पहले समर्थ को कड़ी सुरक्षा के बीच जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका मेडिकल चेकअप किया। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद एसआईटी ने उसे अदालत के समक्ष पेश किया।
गिरफ्तारी या सरेंडर? दावों में उलझा मामला
एक तरफ जहां भोपाल पुलिस समर्थ सिंह की इस कस्टडी को अपनी बड़ी सफलता मान रही है, वहीं दूसरी तरफ इस पर कानूनी दांव-पेंच भी शुरू हो गए हैं। समर्थ के वकील का दावा है कि पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया है, बल्कि वे खुद कानून का सम्मान करते हुए कोर्ट पहुंचे थे और आत्मसमर्पण किया है।
अब कड़ाई से होगी पूछताछ
अदालत से 7 दिनों की मंजूरी मिलने के बाद कटरा पुलिस और एसआईटी ने आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ट्विशा शर्मा की मौत के पीछे की असली वजह, वारदात के वक्त आरोपी की मौजूदगी और घटना से जुड़े साक्ष्यों को छिपाने की कोशिशों जैसे गंभीर बिंदुओं पर समर्थ से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। शहर के इस हाई-प्रोफाइल मामले पर अब पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं।






