कल 8 सितंबर से उपचुनाव के नामांकन, 29 को मतदान
नगर निगम के वार्ड 41 में पार्षद और भेड़ा-घाना पंचायतों में सरपंच पद के लिए होगा चुनाव

कल 8 सितंबर से उपचुनाव के नामांकन, 29 को मतदान
नगर निगम के वार्ड 41 में पार्षद और भेड़ा-घाना पंचायतों में सरपंच पद के लिए होगा चुनाव

15 सितंबर तक जमा होंगे नामांकन
कटनी, यशभारत।नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव की प्रक्रिया जिले में कल 8 सितंबर मंगलवार से शुरू होगी। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नगर निगम कटनी के वार्ड क्रमांक 41 में पार्षद तथा जनपद पंचायत बहोरीबंद की ग्राम पंचायत भेड़ा और ढीमरखेड़ा की ग्राम पंचायत घाना में सरपंच पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न ग्राम पंचायतों में रिक्त पंच पदों के लिए भी मतदान होगा।
नाम निर्देशन पत्र 8 से 15 सितंबर तक जमा किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 16 सितंबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर निर्धारित है। इसी दिन निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।
नगर निगम क्षेत्र में 29 सितंबर को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। पंचायतों में मतदान सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक कराया जाएगा। नगर निगम के चुनाव परिणाम 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से घोषित किए जाएंगे। पंचायतों में पंच पद की मतगणना मतदान समाप्ति के बाद संबंधित मतदान केंद्र पर होगी, जबकि सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य की मतगणना 3 अक्टूबर को विकासखंड मुख्यालय पर होगी।
जिले में उपचुनाव की निगरानी के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने सेवानिवृत्त आईएएस शशि भूषण सिंह को प्रेक्षक नियुक्त किया है। वे 14 से 18 सितंबर और 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक निर्वाचन गतिविधियों का पर्यवेक्षण करेंगे।







