
जबलपुर, यश भारत। डुमना एयरपोर्ट पर सोमवार को इंडिगो की फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी के चलते पहले जबलपुर से इंदौर जाने वाली उड़ान रद्द हुई और इसके बाद इसी विमान से शाम को होने वाली जबलपुर-हैदराबाद फ्लाइट भी कैंसिल कर दी गई। लगातार दो उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, हैदराबाद से जबलपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट को सुबह 9:20 बजे जबलपुर से इंदौर के लिए रवाना होना था। उड़ान से पहले विमान में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद इसे रद्द करने का निर्णय लिया गया। यात्रियों का सामान भी विमान में रखवा दिया गया था, लेकिन अचानक उड़ान रद्द होने की जानकारी मिलने से यात्रियों में असमंजस की स्थिति बन गई।
इंदौर जाने वाली फ्लाइट के रद्द होने का असर शाम की उड़ान पर भी पड़ा। शेड्यूल के अनुसार यही विमान शाम करीब 3 बजे इंदौर से वापस जबलपुर आना था और इसके बाद शाम 5:55 बजे जबलपुर से हैदराबाद के लिए उड़ान भरनी थी। लेकिन तकनीकी खराबी के कारण विमान इंदौर ही नहीं जा सका, जिसके चलते जबलपुर से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट भी रद्द कर दी गई।
दोनों उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ी। कुछ यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों के जरिए गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई, जबकि कई यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। यात्रियों ने एयरलाइन की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि फ्लाइट रद्द होने की सूचना और वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था समय पर स्पष्ट की जानी चाहिए थी।







