मध्य प्रदेशराज्य

तेज रफ्तार का कहर: डिवाइडर से टकराकर खाई में गिरी जीप, मासूम समेत दो की मौत

मैहर/सतना यश भारत। नेशनल हाईवे-30 पर एक भीषण सड़क हादसे में 8 वर्षीय बालिका सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। तेज रफ्तार जीप पहले डिवाइडर से टकराई, फिर कई फीट तक घिसटते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दर्शन और विदाई की यात्रा बनी मातम

जानकारी के अनुसार अमरपाटन के विवेक नगर निवासी पटेल परिवार के सदस्य सचेत पटेल को रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए परिजन जीप से मैहर जा रहे थे। परिवार की योजना स्टेशन जाने से पहले इच्छापूर्ति मंदिर में दर्शन करने की थी, लेकिन रास्ते में पहाड़ी गांव के पास यह सफर हादसे में बदल गया।

मैहर थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी के अनुसार तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। जीप हाईवे के डिवाइडर से टकराकर पलट गई और लगभग 80 फीट तक सड़क पर घिसटती रही। इसके बाद वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया गया।

दुर्घटना में रीतू पटेल (25), हिमांशु पटेल (19), अमित दाहिया, दिन्नू दाहिया, सुभद्रा पटेल, कल्पना पटेल, सचेत पटेल तथा दो वर्षीय बालिका सहित अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी का उपचार जारी है।

महिला की हालत गंभीर

पुलिस के अनुसार घायलों में एक महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

मैहर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button