बाथरूम की नाली से निकला नागों का झुंड : मचा हड़कंप.. देखें पूरा विडियो

सतना /मैहर यश भारत। शहर के रीवा रोड स्थित वार्ड क्रमांक 15 में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक पारसनाथ तिवारी के घर के बाथरूम से अचानक काले नाग के बच्चों का झुंड निकल आया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे परिवार का एक सदस्य बाथरूम में गया था। इसी दौरान उसकी नजर नाली के पास रेंग रहे एक छोटे नाग पर पड़ी। पहले तो उसे एक ही सांप का बच्चा दिखाई दिया, लेकिन जब परिवार के अन्य लोगों ने पाइपलाइन और नाली के आसपास ध्यान से देखा, तो वहां कई सपोले एक साथ दिखाई देने लगे। देखते ही देखते करीब 15 काले नाग के बच्चे बाथरूम के भीतर और आसपास रेंगते नजर आए।
घर के अंदर एक साथ इतने सांपों को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और घर में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय सर्प मित्र को दी गई।
सूचना मिलते ही सर्प मित्र मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सभी नाग के बच्चों का रेस्क्यू किया। करीब आधे घंटे तक चले अभियान के दौरान एक-एक कर सभी सपोलों को सुरक्षित पकड़ा गया। सर्प मित्रों ने बताया कि सभी बच्चे काले नाग प्रजाति के थे और संभवतः पाइपलाइन या किसी बिल के जरिए घर के भीतर पहुंच गए थे।
रेस्क्यू के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। वहीं घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चर्चा का विषय बना रहा कि एक ही जगह पर इतनी संख्या में नाग के बच्चे कैसे पहुंच गए। सर्प विशेषज्ञों ने लोगों से बारिश के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने और घरों की नालियों व पाइपलाइन की नियमित सफाई कराने की अपील की है।







