भोपाल पुलिस महकमे में फेरबदल: 60 पुलिसकर्मियों के हुए तबादले

भोपाल पुलिस महकमे में फेरबदल: 60 पुलिसकर्मियों के हुए तबादले
भोपाल,यशभारत। राजधानी की कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के इरादे से पुलिस महकमे में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कार्यालय पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) नगरीय पुलिस भोपाल द्वारा जारी एक आदेश के तहत उपनिरीक्षक सहायक उपनिरीक्षक प्रधान आरक्षक और आरक्षकों सहित कुल 60 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों का अस्थाई रूप से तबादला कर दिया गया है।
यह आदेश पुलिस आयुक्त भोपाल द्वारा अनुमोदित होने के बाद पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) द्वारा जारी किया गया है।
लोकल थानों से लेकर साइबर क्राइम तक बदले चेहरे
इस ट्रांसफर लिस्ट में सबसे खास बात यह है कि थानों में लंबे समय से जमे और साइबर क्राइम विंग में तैनात स्टाफ को इधर से उधर किया गया है। कुल 60 पुलिसकर्मियों की इस सूची में: गोविंदपुरा, अरेरा हिल्स, तलैया, बागसेवनिया, कोलार, अवधपुरी, और ऐशबाग जैसे प्रमुख थानों के स्टाफ को बदला गया है। कई आरक्षकों को साइबर क्राइम से हटाकर थानों की जिम्मेदारी दी गई है, तो वहीं थानों में तैनात कुछ आरक्षकों को उनकी कार्यकुशलता के आधार पर साइबर क्राइम भेजा गया है।
प्रशासनिक कसावट लाने की कवायद
पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार, आगामी समय में कानून व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने और पेंडिंग मामलों के त्वरित निपटारे के लिए यह सूची तैयार की गई है। आदेश में साफ कहा गया है कि यह सभी नियुक्तियां अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक के लिए तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। सभी स्थानांतरित कर्मचारियों को जल्द से जल्द अपनी नई पदस्थापना पर ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।









