तेज रफ्तार हाईवा ने युवकों को रौंदा, चार की मौत एक गंभीर रूप से घायल
नरसिंहपुर जिले में जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-45 पर हुआ हादसा

नरसिंहपुर,जबलपुर, यशभारत। नरसिंहपुर जिले में जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-45 पर रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में जबलपुर जिले के चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक हाथीनाला वॉटरफॉल घूमकर लौट रहे थे, तभी इंदिरा नगर के पास अज्ञात हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, पावला और बरपटी गांव के छह युवक हाथीनाला वॉटरफॉल से वापस लौट रहे थे। इंदिरा नगर के समीप सड़क किनारे खड़े या पैदल जा रहे युवकों को तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि राजेंद्र पटेल निवासी पावला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
नरसिंहपुर एएसपी संदीप भूरिया ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शहपुरा के पास वीरेंद्र लोधी (20 वर्ष), रापाल लोधी (21 वर्ष), दोनों निवासी पावला, तथा जयपाल लोधी (30 वर्ष) निवासी बरपटी ने दम तोड़ दिया।
वहीं आकाश लोधी (24 वर्ष) और नीरज लोधी (25 वर्ष) निवासी बरपटी को गंभीर हालत में नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर में भर्ती कराया गया है, जहां नीरज लोधी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया वहीं घायल आकाश लोधी का उपचार जारी है।
शहपुरा थाना प्रभारी प्रतीक धुर्वे ने मृतकों की पहचान की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात हाईवा की तलाश की जा रही है। सुआतला थाना पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दर्दनाक हादसे से पावला और बरपटी गांव में मातम पसरा हुआ है। एक साथ चार युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।







