भोपाल

सड़क पर बैठी मासूम को नहीं देख पाया चालक, स्कॉर्पियो ने 20 फीट तक घसीटा, दर्दनाक मौत

सड़क पर बैठी मासूम को नहीं देख पाया चालक, स्कॉर्पियो ने 20 फीट तक घसीटा, दर्दनाक मौत

भोपाल, यश भारत । राजधानी भोपाल के बैरसिया क्षेत्र के ललरिया गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से बच्ची करीब 20 फीट तक वाहन के नीचे घिसटती रही, जिसके बाद वाहन का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भयावह था कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज सामने आने के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस के अनुसार मृत बच्ची की पहचान जूना खान (3) के रूप में हुई है। वह ललरिया गांव निवासी सोहेल खान की बेटी थी। सोहेल खान गांव के सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि उनकी पत्नी भी शासकीय विद्यालय में शिक्षिका हैं।परिजनों ने बताया कि रविवार दोपहर जूना घर के पास स्थित दुकान पर सामान लेने गई थी। मनपसंद सामान नहीं मिलने से वह नाराज होकर लौट रही थी। उसकी बड़ी बहन सड़क पार कर घर की ओर चली गई, लेकिन जूना बीच सड़क पर ही बैठ गई। इसी दौरान उसके सामने खड़ी सफेद स्कॉर्पियो करीब 10 सेकंड बाद आगे बढ़ी। चालक की नजर सड़क पर बैठी मासूम पर नहीं पड़ी और वाहन सीधे उसके ऊपर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्ची स्कॉर्पियो के नीचे फंस गई और करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई। इसके बाद वाहन का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बैरसिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की जांच की जा रही है तथा वाहन चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button