
जबलपुर, यश भारत। शहर में मॉनसून की हल्की बारिश ने एक बार फिर नगर निगम की ड्रेनेज व्यवस्था की पोल खोल दी। सिविल सेंटर समेत कई इलाकों में थोड़ी देर की बारिश के बाद ही सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सिविल सेंटर के चौपाटी से प्रेस कॉम्प्लेक्स तक का हिस्सा निचला क्षेत्र होने के कारण हर बारिश में सबसे अधिक प्रभावित होता है।
स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों का आरोप है कि जल निकासी के लिए डाली गई पाइपलाइन में तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया। पाइपों में उचित ढलान और मजबूत बेस नहीं होने से बारिश का पानी तेजी से नहीं निकल पाता और सड़कें तालाब का रूप ले लेती हैं। कई बार दवा बाजार की दुकानों तक में पानी घुसने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।







