सट्टे के अड्डे पर पुलिस की दबिश, 7 सटोरिये गिरफ्तार, 19,200 रुपये जब्त
मुख्य संचालक फरार

जबलपुर, यशभारत। मदनमहल थाना क्षेत्र में पुलिस ने सट्टे के एक अड्डे पर दबिश देकर दो सट्टा लिखने वाले और पांच सट्टा लिखाने वाले सटोरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 19 हजार 200 रुपये नकद, सट्टा पर्चियां, पेन और अन्य सामग्री जब्त की है। मामले का मुख्य आरोपी मोहित राजपूत पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नरसिंह मंदिर के पीछे टपरिया बस्ती में बड़े पैमाने पर सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर के निर्देशन में उपनिरीक्षक दिनेश गौतम के नेतृत्व में मदनमहल थाना एवं पुलिस लाइन के बल ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सात लोगों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में सट्टा लिखने वालों ने अपने नाम राजेंद्र मरावी और ओमप्रकाश यादव बताए, जबकि सट्टा लिखाने वालों में रविकांत कनौजिया, चंदन पटेल, विपिन ठाकुर, मोनू ठाकुर और नरेश चक्रवर्ती शामिल हैं।
तलाशी के दौरान राजेंद्र मरावी से पांच सट्टा पर्चियां और 4,100 रुपये, ओमप्रकाश यादव से सात सट्टा पर्चियां, 4,800 रुपये, पेन एवं कागजात तथा अन्य पांच सटोरियों से कुल 10,300 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में राजेंद्र और ओमप्रकाश ने बताया कि वे कालीमठ निवासी मोहित सिंह राजपूत के कहने पर प्रतिदिन मजदूरी लेकर सट्टा लिखने का काम करते थे। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही मोहित राजपूत मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने सातों आरोपियों के कब्जे से कुल 19,200 रुपये और सट्टा सामग्री जब्त कर उनके तथा फरार आरोपी मोहित राजपूत के विरुद्ध मदनमहल थाने में सट्टा एक्ट की धारा 4(क) एवं बीएनएस की धारा 49 के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।







