भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल बार काउंसिल चुनाव की मतगणना शुरू, शाम तक आएंगे नतीजे

कोर्ट परिसर में उत्साह, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, देखे वीडियो

भोपाल, यश भारत। भोपाल बार काउंसिल संगठन के चुनाव के लिए शनिवार सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू हो गई। चुनाव परिणामों को लेकर अधिवक्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार शाम करीब 5 बजे तक अधिकांश परिणाम घोषित होने की संभावना है
मतगणना स्थल भोपाल जिला न्यायालय परिसर में बड़ी इलेक्ट्रॉनिक स्क्रीन लगाई गई हैं, जिन पर मतगणना के रुझान और परिणाम प्रदर्शित किए जा रहे हैं। सुबह से ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता और प्रत्याशियों के समर्थक कोर्ट परिसर में जुट गए। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ रही है, समर्थकों की उत्सुकता भी बढ़ती जा रही है। अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में नारेबाजी, तालियां और जयकारे लगाकर समर्थक उत्साह का प्रदर्शन कर रहे हैं।
बार काउंसिल के चुनाव को लेकर पूरे परिसर में लोकतांत्रिक माहौल दिखाई दे रहा है। प्रत्याशी भी अपने समर्थकों के साथ मतगणना स्थल के बाहर मौजूद हैं और हर राउंड के परिणामों पर नजर बनाए हुए हैं। जीत की उम्मीद में समर्थकों के चेहरों पर उत्साह और प्रत्याशियों में हल्का तनाव भी साफ दिखाई दे रहा है।
मतगणना के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए न्यायालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रवेश द्वारों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही मतगणना स्थल तक पहुंचने की अनुमति दी जा रही है। निर्वाचन अधिकारियों ने पारदर्शी और निष्पक्ष मतगणना सुनिश्चित करने के साथ सभी अधिवक्ताओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।
शाम तक अंतिम परिणाम घोषित होने के साथ ही यह तय हो जाएगा कि भोपाल बार काउंसिल संगठन की कमान अगले कार्यकाल के लिए किन पदाधिकारियों के हाथों में होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button