भोपाल में बिजली मीटर चेक करने गए कर्मचारी पर हमला, ऐशबाग थाने के पीछे बस्ती के लोगों ने की मारपीट

भोपाल में बिजली मीटर चेक करने गए कर्मचारी पर हमला, ऐशबाग थाने के पीछे बस्ती के लोगों ने की मारपीट
बढ़ते बिलों को लेकर भड़के उपभोक्ता, ड्यूटी पर तैनात बिजलीकर्मी से की झूमाझटकी; थाने में जुटे कर्मचारी
भोपाल,यशभारत। राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र में बिजली कंपनी के मैदानी अमले के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। यहाँ ऐशबाग थाने के ठीक पीछे स्थित बस्ती में बिजली मीटर की जांच और रीडिंग लेने पहुंचे एक विद्युत कर्मचारी के साथ स्थानीय लोगों ने मिलकर मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि इलाके के लोग पिछले कुछ समय से बढ़कर आ रहे बिजली के बिलों को लेकर बेहद नाराज थे, जिसका गुस्सा उन्होंने ड्यूटी कर रहे कर्मचारी पर उतार दिया।
रीडिंग लेते समय घेरा, फिर करने लगे विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, बिजली कंपनी का कर्मचारी रोजाना की तरह ऐशबाग थाने के पीछे स्थित रहवासी बस्ती में उपभोक्ताओं के घरों में लगे मीटरों की रीडिंग चेक करने गया था। जैसे ही वह एक घर के सामने पहुंचा और मीटर रीडिंग नोट करने लगा, वैसे ही वहां स्थानीय लोग जमा हो गए। बढ़ते हुए बिजली बिलों की शिकायत करते हुए लोगों की कर्मचारी से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने कर्मचारी के साथ गाली-गलौज करते हुए झूमाझटकी और मारपीट शुरू कर दी।
कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे बिजलीकर्मी
बस्ती में सरेराह हुई इस मारपीट की घटना के बाद पीड़ित कर्मचारी ने तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारियों और साथी कर्मचारियों को मामले से अवगत कराया। शासकीय कार्य के दौरान कर्मचारी के साथ हुई इस अभद्रता की खबर फैलते ही विभाग के अन्य बिजलीकर्मी भी लामबंद हो गए और भारी संख्या में ऐशबाग थाने पहुंचे। विद्युत कर्मचारियों ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और ऑन-ड्यूटी कर्मचारी पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।







