देशमध्य प्रदेश

कालभैरव मंदिर में शुरू हुई VIP दर्शन व्यवस्था, 500 रुपये में सीधे गर्भगृह प्रवेश

नई व्यवस्था से बिचौलियों और अवैध वसूली पर रोक लगेगी

उज्जैन,यशभारत। विश्व प्रसिद्ध बाबा कालभैरव मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने नई सशुल्क दर्शन व्यवस्था लागू कर दी है। अब श्रद्धालु 500 रुपये शुल्क देकर सीधे गर्भगृह में प्रवेश कर बाबा कालभैरव के शीघ्र दर्शन और पूजन कर सकेंगे। सामान्य श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क कतार व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी।

एसडीएम एल.एन. गर्ग के अनुसार मंदिर में प्रतिदिन 20 से 25 हजार श्रद्धालु पहुंचते हैं, जबकि विशेष अवसरों पर यह संख्या एक लाख तक पहुंच जाती है। श्रद्धालुओं की लंबे समय से शीघ्र दर्शन व्यवस्था की मांग को देखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है।

मंदिर प्रशासन का कहना है कि नई व्यवस्था से बिचौलियों और अवैध वसूली पर रोक लगेगी। कालभैरव मंदिर की प्रशासक संध्या मार्कण्डेय ने बताया कि प्रोटोकॉल दर्शन के नाम पर कुछ लोगों द्वारा श्रद्धालुओं से पैसे लेने की शिकायतें मिल रही थीं। अब अधिकृत रसीद व्यवस्था लागू होने से पारदर्शिता बढ़ेगी।

महाकाल मंदिर की तर्ज पर शुरू की गई इस व्यवस्था में टिकट सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक मंदिर परिसर के काउंटर से उपलब्ध होंगे। प्रशासन ने बताया कि फिलहाल व्यवस्था ऑफलाइन शुरू की गई है, जिसे जल्द ऑनलाइन भी किया जाएगा। नई व्यवस्था से श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन के साथ मंदिर की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button