डुमना जंगल में किशोर का शव मिलने के बाद ग्रामीणों का चक्काजाम, एयरपोर्ट मार्ग पर यातायात प्रभावित

डुमना जंगल में किशोर का शव मिलने के बाद ग्रामीणों का चक्काजाम, एयरपोर्ट मार्ग पर यातायात प्रभावित
जबलपुर, यश भारत। खमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमना के जंगल में 17 वर्षीय किशोर नितिन बैगा का शव मिलने के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। महगवां निवासी नितिन बैगा पिछले करीब एक माह से लापता था और उसका शव मिलने के बाद नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने डुमना रोड पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान डुमना मार्ग पूरी तरह प्रभावित रहा और एयरपोर्ट की ओर आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार नितिन बैगा 8 जून 2026 से घर से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही खमरिया थाने में दर्ज कराई गई थी। मंगलवार को डुमना के जंगल में उसका शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। शव काफी पुराना और सड़-गल चुकी अवस्था में मिलने से परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
शव मिलने की जानकारी के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण डुमना मार्ग पर पहुंच गए और सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि युवक इतने दिनों से लापता था, लेकिन समय रहते उसकी तलाश नहीं हो सकी। लोगों ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
स्थिति को देखते हुए मौके पर डुमना चौकी प्रभारी, खमरिया थाना प्रभारी और रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलानी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी और मामले में जांच का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने बताया कि शव मिलने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी थी और उन्होंने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की। कुछ समय तक डुमना मार्ग पर चक्काजाम की स्थिति बनी रही, लेकिन समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया और मार्ग को फिर से सुचारू रूप से चालू कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







