रेलवे स्टेशन के पास 6 लकड़ी के टाल जलकर खाक, इलाके में मची अफरा-तफरी

रेलवे स्टेशन के पास 6 लकड़ी के टाल जलकर खाक, इलाके में मची अफरा-तफरी
यश भारत भोपाल। रविवार शाम राजधानी भोपाल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मेन रेलवे स्टेशन के पास पात्रा पुल क्षेत्र स्थित लकड़ी के टालों में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने 5 से 6 टालों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज लपटें और घने धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग शाम करीब 7.30 बजे लगी। टालों में लकड़ी और फर्नीचर से जुड़ा भारी सामान रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई। एहतियातन भारत टॉकीज क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 20 से 25 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गईं। वहीं, आसपास की कई दुकानों का सामान भी आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गया।
एक फर्नीचर की दुकान में भी आग फैल गई है। आग की भीषणता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास के बिजली के तार तक पिघल गए हैं। राहत और बचाव कार्य देर रात तक जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।







