यशभारत ब्रेकिंग : गुरंदी बाजार में भीषण आग से हड़कंप: 3 दुकानें हुई राख, लाखों का नुकसान
6 दमकल वाहनों ने आग पर पाया काबू

जबलपुर,यशभारत। जबलपुर के व्यस्त गुरंदी कबाड़ बाजार में रविवार सुबह अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। सुबह करीब 9 बजे एक कबाड़ दुकान से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की 3 से 4 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरा बाजार धुएं के गुबार से भर गया और वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कई दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को खबर दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम 6 दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। फायर फाइटर्स ने कड़ी मशक्कत करते हुए घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
गौरतलब है कि गुरंदी बाजार शहर का प्रमुख कबाड़ बाजार है, जहां रविवार को खासतौर पर भारी भीड़ रहती है। यदि दमकल विभाग समय पर मौके पर नहीं पहुंचता, तो यह आग और भी बड़ा रूप ले सकती थी और भारी जनहानि की आशंका थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।







