विजय हत्याकांड: भोपाल में तीसरे आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पिस्टल छीनकर पुलिस पर की थी फायरिंग

विजय हत्याकांड: भोपाल में तीसरे आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पिस्टल छीनकर पुलिस पर की थी फायरिंग
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश की राजधानी के सनसनीखेज विजय मेवाड़ा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फरार चल रहे 30 हजार के इनामी बदमाश आसिफ बम को पुलिस ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ (शॉर्ट एनकाउंटर) के बाद गिरफ्तार कर लिया है। रातीबड़ इलाके में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी थी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। पैर में गोली लगने से घायल आरोपी को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अशोका गार्डन पुलिस फरार आरोपी आसिफ को पकड़कर थाने ला रही थी। रातीबड़ के सुनसान इलाके के पास आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मी पर हमला कर उसकी सर्विस पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर ही गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने रक्षात्मक फायरिंग की, जिसमें आसिफ के पैर में गोली लगी। बता दें कि इस मामले के दो अन्य आरोपी फरमान और इमरान पहले ही पुलिस की गिरफ्त में हैं।
हिंदू संगठनों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस से झड़प
हत्याकांड के विरोध में बुधवार को राजधानी की सड़कों पर भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। शकल हिंदू समाज के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री निवास के घेराव के लिए पैदल मार्च निकाला। हालांकि, पुलिस ने पॉलिटेक्निक चौराहे पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जहाँ तीखी झड़प भी हुई। प्रदर्शनकारी आरोपियों पर NSA (रासुका) लगाने और उनके अवैध ठिकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे थे।
मंत्री सारंग के कड़े तेवर: ‘चलेगा बुलडोजर, कांपेंगी रूहें’
मामले की गंभीरता को देखते हुए कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने मृतक विजय मेवाड़ा के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कलेक्टर कौशलेंद्र सिंह को फोन पर कड़े निर्देश देते हुए कहा, आरोपियों के खिलाफ तत्काल बुलडोजर कार्रवाई शुरू करें, कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सारंग ने पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया कि क्षेत्र के सभी गुंडों की सूची बनाकर घर-घर सर्वे किया जाए।
ऐसी कठोर कार्रवाई हो कि अपराधियों की आने वाली पीढ़ियां भी अपराध करने से डरें।
क्या था पूरा मामला?
अशोका गार्डन थाना क्षेत्र के प्रभात पेट्रोल पंप के पास मामूली विवाद में आरोपियों ने होटल संचालक विजय मेवाड़ा पर गुप्ती से जानलेवा हमला कर दिया था। विजय के पेट और छाती पर कई वार किए गए थे, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही शहर में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।







