डेयरी संचालक पर जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश को लेकर दिया वारदात को अंजाम, लूटी गई सोने की चेन भी बरामद

कटनी, यशभारत। पुरानी रंजिश पर डेयरी संचालक पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी हर्ष द्विवेदी लल्ला पंडित को कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लूट की गई सोने की चैन, घटना में प्रयुक्त चैननुमा पंच और धारदार चाकू बरामद भी किया गया है। पुलिस ने बताया कि 26 अक्टूबर को सुख्खन चौक निवासी दूध डेयरी संचालक किशोर तोमर कांचकार के साथ जालपा मढ़िया के पास गली में पुरानी रंजिश को लेकर जानलेवा हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई। आरोपी द्वारा घात लगाकर बैठे रहने के बाद फरियादी पर ईंट-पत्थर एवं लोहे की चैन से हमला कर सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोटें पहुंचाई गईं। घटना के संबंध में आहत की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली, कटनी में अपराध क्रमांक 1209/26, धारा 296(बी), 109(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा द्वारा प्रकरण की जानकारी लेकर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में थाना स्तर पर पुलिस टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी जबलपुर रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया है तथा ट्रेन से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल जबलपुर रवाना हुई और मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान एवं हुलिए के आधार पर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर आरोपी हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित को अभिरक्षा में लिया गया।
लूटी गई सोने की चेन सहित हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से फरियादी से लूटी गई सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त लोहे की चैननुमा पंच तथा एक धारदार चाकू बरामद कर जप्त किया गया। आरोपी को थाना कोतवाली लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के पश्चात माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के अनुसार, आरोपी हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित थाना क्षेत्र का आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व से 11 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध होना पाए गए हैं। पुलिस द्वारा प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, उनि. लेख सिंह परिहार, सउनि. प्रहलाद पैकरा, प्र.आर. अनुराग सोनकर, अजय दुबे, अनिल सेंगर, वीरेन्द्र प्रताप सिंह, वीरेन्द्र तिवारी, पुष्पराज सिंह तथा आरक्षक अजय प्रताप, अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह एवं दीपक तिवारी की आरोपी की गिरफ्तारी एवं बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका रही।







