फिर हाईकोर्ट की शरण में पूर्व सीएसपी, एफआईआर निरस्त करने और अग्रिम जमानत के लिए लगाई याचिका, नेहा पच्चीसिया ने कहा : जमीन की खरीद-बिक्री में उनकी कोई भूमिका नहीं

कटनी, यशभारत। जमीन सौदबाजी मामले में फरार चल रहीं पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया की ओर से एफआईआर निरस्त करने और अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। मंगलवार को सुनवाई के दौरान उनकी ओर से तर्क दिया गया कि संबंधित जमीन की खरीद-बिक्री में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरण को भी गलत तथ्यों पर आधारित बताया गया। याचिका पर आज राज्य सरकार और शिकायतकर्ता की ओर से पक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कटनी की सीएसपी नेहा पच्चीसिया सहित तीन आरोपियों के खिलाफ कुठला थाने में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। कटनी पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। आरोप है कि कुठला थाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले में निर्धारित समयावधि में चालान पेश नहीं किए जाने के कारण आरोपी को डिफाल्ट बेल का लाभ मिल गया था। इसी प्रकरण से जुड़े आरोपों के अनुसार इसके एवज में संबंधित जमीन कम कीमत पर अपने एजेंट के नाम से खरीदी गई। सीएसपी की ओर से कोर्ट में तर्क दिया गया कि संबंधित जमीन मारूफ अहमद हनफी के नाम पर खरीदी गई थी और उनके बैंक खाते में क्षितिज राज पात्रे ने राशि स्थानांतरित की थी। उनके अपने बैंक खाते से इस संबंध में कोई लेनदेन नहीं हुआ। जमीन की खरीद-बिक्री में उनकी भूमिका होने का कोई साक्ष्य भी नहीं है। साथ ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरण को गलत तथ्यों पर आधारित बताते हुए राहत देने का अनुरोध किया गया।






