तीन माह के वेतन की मांग को लेकर विक्टोरिया अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल पर
पूर्व विधायक विनय सक्सेना कर्मचारियों के बीच पहुंचे और उनकी मांगों का समर्थन किया

जबलपुर, यशभारत। वेतन भुगतान में हो रही देरी से नाराज विक्टोरिया अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। मध्य प्रदेश संविदा आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में धरना देते हुए आरोप लगाया कि पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
हड़ताल की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक विनय सक्सेना कर्मचारियों के बीच पहुंचे और उनकी मांगों का समर्थन करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार श्रम कानूनों और कर्मचारियों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है, जिससे स्वास्थ्य कर्मियों में असंतोष बढ़ रहा है।
वहीं, सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने कर्मचारियों की मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि फरवरी माह का वेतन जारी कर दिया गया है तथा मार्च माह का वेतन एक-दो दिन में भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ठेका कंपनी को अप्रैल माह का वेतन भी शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए जाएंगे। अन्य मांगों के संबंध में शासन को पत्र भेजा जा रहा है।
डॉ. कोठारी ने कहा कि शासन से निधि नियमित रूप से प्राप्त होने पर कर्मचारियों को भी समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही ठेका एजेंसी की जिम्मेदारी है कि वह आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित रूप से वेतन उपलब्ध कराए। हड़ताल के चलते अस्पताल की व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।







