जबलपुरमध्य प्रदेश

रांझी गोलीकांडः सिविल इंजीनियर की हत्या में बड़ा खुलासा,रायपुर प्रॉपर्टी विवाद मुख्य वजह

 कई संदिग्ध पुलिस के निशाने पर

जबलपुर, यशभारत। रांझी थाना क्षेत्र के बड़ा पत्थर इलाके में दिनदहाड़े हुए सनसनीखेज गोलीकांड में अब बड़ा खुलासा सामने आ रहा है। सिविल इंजीनियर क्लेरेंस एडकिन्स की इलाज के दौरान मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या (मर्डर) की धारा जोड़ते हुए जांच को और तेज कर दिया है। प्रारंभिक जांच में रायपुर से जुड़ा प्रॉपर्टी विवाद इस हत्याकांड की मुख्य वजह बनकर उभर रहा है, जिससे यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि वारदात पूरी तरह से सुनियोजित थी।

संदिग्धों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस हत्याकांड में शामिल कई संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। कुछ संदिग्धों के शहर छोड़कर भागने की भी आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते आसपास के जिलों में भी अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

CCTV फुटेज और वायरल वीडियो बने अहम सबूत

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम तेजी से जारी है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ फायरिंग का वीडियो भी जांच में अहम कड़ी साबित हो रहा है। वीडियो में आरोपी बेहद करीब से फायरिंग करते नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी पहचान और मूवमेंट ट्रैक करने में पुलिस को मदद मिल रही है।

रायपुर कनेक्शन की गहराई से जांच, साजिश के पुख्ता संकेत

जांच में सामने आया है कि मृतक क्लेरेंस एडकिन्स का रायपुर में जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस अब इस एंगल को गंभीरता से लेते हुए यह जांच कर रही है कि क्या इसी विवाद के चलते सुपारी देकर
हत्या करवाई गई। रायपुर पुलिस से भी समन्वय स्थापित कर जानकारी साझा की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क को बेनकाब किया जा सके।

परिजनों, दोस्तों और कारोबारी संपकों से पूछताछ

मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस मृतक के परिवार, नजदीकी रिश्तेदारों, दोस्तों और बिजनेस से जुड़े लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या मृतक को हाल के दिनों में किसी तरह की धमकी मिली थी या किसी से विवाद बढ़ा था।

दिनदहाड़े वारदात से दहशत, इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

सुबह के व्यस्त समय में हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

पुलिस का दावा – जल्द होगा खुलासा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जा है के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी गई है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश कर दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

WhatsApp Image 2026 04 24 at 13.55.40 1

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button