एयरो सिटी में चोरों ने विला डी-111 को बनाया निशाना, देखें वीडियो

एयरो सिटी में चोरों ने विला डी-111 को बनाया निशाना, देखें वीडियो
पॉश कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पॉश इलाकों में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला गांधी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एयरो सिटी का है, जहाँ सेक्टर-डी स्थित विला नंबर डी-111 को चोरों ने बीती रात अपना निशाना बनाया। रात करीब 2 बजे हुई इस वारदात ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोल दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुनियोजित तरीके से दी गई इस चोरी की घटना से स्थानीय रहवासियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। पॉश कॉलोनियों में इस तरह की सेंधमारी यह सोचने पर मजबूर करती है कि जब वीआईपी और पॉश इलाके ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम बस्तियों का क्या हाल होगा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। हालांकि, घर से किन-किन कीमती सामानों या नकदी की चोरी हुई है, इसका आधिकारिक खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों के आने-जाने के रास्तों और उनकी पहचान का सुराग मिल सके। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और संदिग्धों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।







