भोपालमध्यप्रदेश

भोपाल, यश भारत।

भोपाल में गांजा तस्करी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब!

130 मामले दर्ज, 462 किलो से अधिक गांजा जब्त,  165 आरोपी गिरफ्तार, 43 महिलाएं भी शामिल

भोपाल,यश भारत। राजधानी भोपाल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में गांजा तस्करी से जुड़े चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी से 3 नवंबर 2026 तक शहर में गांजा तस्करी के कुल 130 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में पुलिस ने 462 किलो 736 ग्राम गांजा जब्त किया है, जबकि कुल 165 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में 43 महिलाएं भी शामिल हैं।

गोविंदपुरा में 60 वर्षीय महिला गिरफ्तार

गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने गोविंदपुरा इलाके में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने 60 वर्षीय किरण अहिरवार को 10 किलो 100 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।

कई थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई

पुलिस की कार्रवाई केवल गोविंदपुरा तक सीमित नहीं रही। अशोका गार्डन, कमला नगर और तलैया थाना क्षेत्रों में भी गांजा जब्ती के मामले सामने आए हैं। लगातार हो रही गिरफ्तारियां और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी राजधानी में फैले अवैध नशे के कारोबार की ओर इशारा करती हैं।

महिलाओं की संलिप्तता भी चिंता का विषय

इन आंकड़ों में 43 महिलाओं की गिरफ्तारी भी सामने आई है। यह पहलू पुलिस के लिए जांच का महत्वपूर्ण विषय है कि तस्करी के इस अवैध कारोबार में महिलाओं की भूमिका क्या है और इनके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं।

नेटवर्क की जड़ तक पहुंचना बड़ी चुनौती

130 मामले, 165 गिरफ्तारियां और करीब 463 किलो गांजे की जब्ती के आंकड़े राजधानी में नशे के अवैध कारोबार की गंभीरता को सामने रखते हैं। हालांकि, इन आंकड़ों से पूरे नेटवर्क का आकार स्पष्ट नहीं होता। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि गांजे की आपूर्ति कहां से हो रही है, इसके पीछे कौन लोग हैं और शहर में इसकी सप्लाई का नेटवर्क किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है? पुलिस के सामने केवल तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचकर सप्लाई चेन तोड़ने की चुनौती भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button