जबलपुर में आवश्यक सेवाओं से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

जबलपुर: देश की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए, जबलपुर जिला प्रशासन ने नागरिक सुविधाओं की सुगम आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। कलेक्टर दीपक सक्सेना द्वारा दिनांक 09.05.2025 को जारी आदेश के अनुसार, जिले के अंतर्गत नागरिक सुविधाओं से जुड़े समस्त विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और फील्ड स्टाफ के अवकाश पर आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि राष्ट्र की मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि जिले में आवश्यक सेवाओं और नागरिक सुविधाओं की आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए।
प्रतिबंध अवधि के दौरान, केवल विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश स्वीकृत किए जा सकेंगे। इसके लिए संबंधित कर्मचारी को कलेक्टर से अनापत्ति प्राप्त करनी होगी, जिसके बाद ही सक्षम अधिकारी द्वारा अवकाश आवेदन पर विचार कर स्वीकृति दी जा सकेगी।
कलेक्टर दीपक सक्सेना द्वारा हस्ताक्षरित यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। इस कदम का उद्देश्य संकट की किसी भी संभावित स्थिति में आवश्यक सेवाओं से जुड़े अमले की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।