रादुविवि के नहीं खुले ताले, छात्र दिनभर हुए परेशान
आक्रोशित कर्मचारियों ने नारेबाजी कर किया विरोध प्रदर्शन

जबलपुर यशभारत। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन प्रकरणों का सत्यापन, सभी कर्मियों को समान रूप से श्रमसाध्य भत्त का भुगतान, समयमान अंतरराशि का भुगतान जैसे एक दर्जन से अधिक जायज मांगों के निराकरण ना होने से नाराज कर्मचारियों ने आज दिनभर कार्य का पूर्ण बहिष्कार किया। आलम ये था कि मुख्य प्रशासनिक भवन के अधिकांश विभाग के ताले तक नहीं खुले। जिसके चलते मार्कशीट और डिग्री के काम से नरसिंहपुर, मण्डला, डिण्डौरी, कटनी से आने वाले छात्रों को परेशान होकर निराश लौटना पड़ा।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह पटैल और महासचिव राजेन्द्र प्रसाद शुक्ल ने कहा कि सेवानिवृत्त और कार्यरत् दोनों वर्ग के कर्मचारियों में ऑडिट और विश्वविद्यालय प्रशासन की हठधर्मिता को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। और जब तक सेवानिवृत्त कर्मियों के पेंशन प्रकरणों के सत्यापन सहित अन्य सभी जायज समस्याओं का निराकरण नहीं हो जाता, कर्मचारी संघ द्वारा कार्य का बहिष्कार अनवरत् जारी रहेगा।
पेशनर्स भी खुलकर आये विरोध प्रदर्शन में
कर्मचारियों के साथ विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त वृद्ध पेंशनर्स भी उत्साह के साथ आंदोलन में शामिल हुए। कर्मचारियों और पेंशनर्स संघ की सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष शिवशंकर पाण्डेय ने कहा कि शासन के सुस्पष्ट दिशा-निर्देश होने के बाद भी पेंशन प्रकरणों को लंबित रखकर ऑडिट द्वारा मनमानी की जा रही है, जो अब बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इस अवसर पर संघ के प्रेम प्रकाश पुरोहित, बीरेन्द्र कुमार तिवारी, बंशबहोर पटैल, अंकित श्रीवास, सनी यादव, प्रभात श्रीवास्तव, के पी नापित, बी एम दुबे, महमूद अहमद अंसारी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों और पेंशनर्स की उपस्थिति रही।







