भोपालमध्य प्रदेश

भ्रामक टिप्पणी पर बवाल: IAS संतोष वर्मा ने माफी मांगी, गिरफ्तारी की मांग तेज

भ्रामक टिप्पणी पर बवाल: IAS संतोष वर्मा ने माफी मांगी, गिरफ्तारी की मांग तेज
भोपाल, यशभारत। अजाक्स के प्रांताध्यक्ष और सीनियर आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा ब्राह्मण की बेटियों को लेकर दिए गए अपने विवादास्पद बयान के कारण चौतरफा विरोध का सामना कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अपने बयान पर माफी मांग ली है और दावा किया है कि उनके 27 मिनट के भाषण को तोड़-मरोड़कर केवल 2 सेकंड की क्लिप के रूप में पेश किया गया।
बयान पर मचा घमासान
विवाद की जड़ वर्मा का वह बयान है, जो उन्होंने अजाक्स के कार्यक्रम में दिया था: “जब तक मेरे बेटे को कोई ब्राह्मण अपनी बेटी दान नहीं देता या उससे संबंध नहीं बनता, तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए।
विरोध और कानूनी कार्रवाई की मांग
वर्मा की टिप्पणी को लेकर राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
सपाक्स राष्ट्रीय संयोजक डॉ. हीरालाल त्रिवेदी ने बयान को ‘घटिया’ और ‘निकृष्ट’ बताते हुए FIR दर्ज कर वर्मा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
राष्ट्रीय सनातन सेना के अध्यक्ष भगवती प्रसाद शुक्ल ने उन्हें ‘आतंकवादी’ बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की और मुंह काला करने वाले के लिए 51,000 रुपये का इनाम घोषित किया।
अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र मिश्र ने कहा कि जब तक आईएएस वर्मा को निलंबित कर गिरफ्तार नहीं किया जाता, समाज शांत नहीं बैठेगा।
वही बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा और प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पाराशर ने इस सोच को ‘घिनौना’ और ‘अपराधी मानसिकता’ बताया, जोर देकर कहा कि बेटियों की मर्यादा भंग करने वाले को कानून और समाज से दंड मिलना चाहिए।
प्रशासनिक संघ ने भी जताया विरोध
मंत्रालय अधिकारी-कर्मचारी संघ ने भी आईएएस अफसर संतोष वर्मा के बयान के विरोध में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। विवादित बयान और उसके बाद की प्रतिक्रियाओं ने प्रदेश में सामाजिक और राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है, जहां विपक्षी दल और सामाजिक संगठन एकजुट होकर वर्मा के खिलाफ कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button