प्रवेशोत्सव में गूंजा शिक्षा का संदेश: ‘हर बच्चा पढ़े-बढ़े और देश का नाम रोशन करे’”
स्कूल चले हम अभियान को मिला उत्साह: प्रवेशोत्सव में बच्चों का हुआ भव्य स्वागत

जबलपुर,यशभारत। शासकीय पंडित लज्जा शंकर झा उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव एवं “स्कूल चले हम” कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि शासन की मंशा है कि हर बच्चा शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़े और देश का नाम रोशन करे। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने विद्यार्थियों को गुरुजनों और माता-पिता का सम्मान करने की सीख दी। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि NMMS टॉपर्स को बरगी डेम में क्रूज यात्रा एवं चयनित विद्यार्थियों को हवाई यात्रा का अवसर दिया जाएगा। नगर निगम अध्यक्ष रिंकूज विज ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई।

कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने कहा कि विद्यालय का पहला दिन नई ऊर्जा और संकल्प का प्रतीक होता है, इसलिए विद्यार्थियों को निरंतर श्रेष्ठ प्रदर्शन का प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर NMMS एवं अन्य परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा बालिकाओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से “स्कूल चले हम” अभियान को गति देते हुए शिक्षा के प्रति जागरूकता और उत्साह का संदेश दिया गया।







