
दोनों की प्रस्तावित शादी का परिजन विरोध कर रहे थे। इस पर महिला प्रधान ने रविवार को पुलिस बुला ली। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली में बुला लिया। जहां पर महिला प्रधान ने अपने प्रेमी के साथ शादी रचा ली।
क्षेत्र के एक ग्राम निवासी प्रधान का गांव के ही दूसरी जाति के युवक के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि उनके परिजन इसका विरोध करते थे। महिला प्रधान पहली बार ग्राम पंचायत का चुनाव जीती थीं।
रविवार सुबह ग्राम प्रधान युवती मौका देखकर घर से निकल कर सीधा अपने प्रेमी के घर पहुंच गईं। जहां उन्होंने अपने प्रेमी को जानकारी दी कि उनके परिजन विरोध कर रहे हैं।
इसके बाद ग्राम प्रधान ने 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्राम प्रधान और उनके प्रेमी के कोतवाली में बुला लिया। दोनों ने अपने आप को बालिग बताया।
इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों ने कोतवाली में ही शादी रचा ली। चर्चा है कि महिला प्रधान को बीएड कराने में युवक ने अपने स्तर से काफी सहयोग किया था। तभी से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था।







