एक ही परिवार की तीन बच्चियों की संदिग्ध मौत, गांव में मचा हड़कंप
छतरपुर, यशभारत

छतरपुर, यशभारत। जिले के मातगांव थाना क्षेत्र के पिपौरा खुर्द गांव में एक ही परिवार की तीन बच्चियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। मृत बच्चियों में 9 वर्षीय पूनम कुशवाहा, 5 वर्षीय मनीषा और 9 माह की चाहत कुशवाहा शामिल हैं। एक साथ तीन बेटियों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार दुर्गेश तिवारी, ईसानगर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह राजपूत और मातगांव थाना प्रभारी अंकुर चौबे सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परिजनों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। तीनों बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक स्तर पर बच्चियों की मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार बालमुकुंद कुशवाहा की पांच बेटियां थीं, जिनमें से तीन की एक साथ मौत हो गई। इतनी कम उम्र में तीन बच्चियों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी ली जा रही है।फिलहाल पुलिस ने मामले में किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही तीनों बच्चियों की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।






